|

विश्व आदिवासी दिवस पर बड़ी संख्या में जुटे लोग: हजारों लोग महारैली में शामिल; पारंपरिक वेशभूषा में सड़कों पर उतरा समाज

सेंधवाविश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य आयोजन किया गया। किला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। आयोजन के दौरान समाज की सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ संवैधानिक अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।

शहर के प्रमुख मार्गों से निकली आदिवासी महारैली
विशाल जनसभा के बाद सेंधवा शहर के प्रमुख मार्गों से आदिवासी महारैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और डीजे की धुन पर पारंपरिक अंदाज में नृत्य करते नजर आए। पूरे शहर में आदिवासी संस्कृति और एकता का माहौल देखने को मिला।

बिरसा मुंडा और टंट्या भील सहित महापुरुषों का किया सम्मान
मंडी परिसर में आदिवासी समाज के महापुरुषों बिरसा मुंडा, टंट्या भील, डॉ. भीमराव अंबेडकर और सावित्रीबाई फुले सहित अन्य क्रांतिकारियों की आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और आदिवासी गौरवगाथा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।

संवैधानिक अधिकार, विस्थापन और जल-जंगल-जमीन पर हुई चर्चा
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने आदिवासी समाज की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति, संवैधानिक अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, विस्थापन, पुनर्वास और समाज पर हो रहे अत्याचारों जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर संगठित रूप से आगे बढ़ने की जरूरत है।

विधायक मोंटू सोलंकी ने राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की अपील की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने आदिवासी समाज की राजनीतिक भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होने के साथ-साथ अपनी विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए राजनीति में अधिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, संगठन और नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित यह महारैली सेंधवा में आदिवासी समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का बड़ा प्रतीक बनकर सामने आई। बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Share