इंदौर फल मंडी में कश्मीर-हिमाचल से आया बब्बूगोशा: 70 से 120 रुपए किलो तक भाव, आवक बढ़ने पर दाम घट सकते हैं

इंदौर। चोइथराम स्थित देवी अहिल्याबाई फल मंडी में कश्मीर और हिमाचल प्रदेश से बब्बूगोशा की आवक शुरू हो गई है। मंडी में बब्बूगोशा 70 से 120 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। व्यापारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में आवक बढ़ने के साथ इसके दाम में कमी आ सकती है।
फल व्यापारी मुनव्वर शेख ने बताया कि जुलाई के बाद अगस्त से बब्बूगोशा की आवक शुरू हो जाती है, जो सितंबर और अक्टूबर तक जारी रहती है। इस समय कश्मीर और हिमाचल से देसी बब्बूगोशा मंडी में पहुंच रहा है।

विदेश से भी आता है बब्बूगोशा
व्यापारी के मुताबिक बब्बूगोशा की आवक सिर्फ देश के पहाड़ी राज्यों से ही नहीं होती, बल्कि विदेशों से भी इसका आयात किया जाता है। तंजानिया, कनाडा और अमेरिका से भी बब्बूगोशा बाजार में आता है। हालांकि फिलहाल मंडी में देसी बब्बूगोशा की आवक शुरू हो गई है।
आवक बढ़ेगी तो कम होंगे दाम मंडी में अभी बब्बूगोशा के भाव 70 से 120 रुपए किलो के बीच हैं। व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कश्मीर और हिमाचल से इसकी आवक बढ़ने की उम्मीद है। आवक बढ़ने के साथ कीमतों में भी कमी आ सकती है।

मौसमी फल है बब्बूगोशा
मुनव्वर शेख के मुताबिक बब्बूगोशा मौसमी फल है। सीजन के दौरान इसकी अच्छी आवक रहती है, इसलिए लोगों को इस फल को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए।