रीवा में तेज रफ्तार हाईवा ने 13 वर्षीय छात्रा को मारी टक्कर: खनिज माफियाओं का बढ़ रहा आतंक; गुस्साए ग्रामीणों ने की तोड़फोड़

रीवा। अवैध उत्खनन का खनिज लोड कर तेज रफ्तार से आ रहे हाईवा ने 13 वर्षीय छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना कपूरी रोड के सामने की बताई जा रही है। भोलगढ़ क्षेत्र से खनिज लोड कर निकला हाईवा तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
घटना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने हाईवा वाहन में जमकर तोड़फोड़ कर दी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से खनिज माफिया बेखौफ होकर ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों का संचालन कर रहे हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी
घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।