| |

पेटलावद हत्याकांड पर सिरवी और समाज का प्रदर्शन: आरोपी के गिरफ़्तारी की मांग ; पीड़ित परिवार के न्यायक लोए सौपा ज्ञापन

झाबुआ | 1 अगस्त 2026 की रात हुई हत्या के विरोध में अखिल भारतीय क्षत्रिय सिरवी समाज और सर्व समाज ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग आये, माता मंदिर से रैली निकालकर पुराना बस स्टैंड होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे और महामहिम राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कानूनगो रामलाल बामनिया को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान लोगो ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी करते रहे।

ज्ञापन में बताया गया कि धार जिले की सरदारपुर तहसील के राजगढ़ निवासी देवा पिता थावरिया सिंगाड और उसके साथियों ने पेटलावद की अटल बस्ती में पहुंचकर हरिराम पिता गोमा जी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया। हमले में एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई। घायल हरिराम को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

समाजजनों ने इस घटना को जघन्य हत्याकांड बताते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), धारा 109 (हत्या का प्रयास), तथा धारा 190 और 191 (दंगा एवं आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज कर कठोरतम दंड देने की मांग की। ज्ञापन में विशेष रूप से आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग उठाई गई।

आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और संपत्ति की जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने, उस पर एनएसए (NSA) और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा उसकी अवैध संपत्तियों की जांच कर उन्हें जप्त करने की मांग की। इसके अलावा मृतक और घायल महिला के वीडियो बयान तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सुरक्षित रखने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।

पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग
सिरवी समाज और सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि घटना के बाद परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में है, इसलिए प्रशासन को विशेष सुरक्षा व्यवस्था करनी चाहिए।

कई अधिकारियों को भेजी गई ज्ञापन की कॉपी
ज्ञापन की प्रतियां गृहमंत्री, पुलिस महानिदेशक, संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और थाना प्रभारी को भी भेजी गई हैं। समाजजनों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में सिरवी समाज के साथ सर्व समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

Share