सीधी में 5 दिन की मासूम की मौत: पानी के ड्रम में मिला शव, मां ने कबूला गुनाह

सीधी। चुरहट थाना क्षेत्र के भेलकी गांव में पांच दिन की बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पानी से भरे नीले ड्रम में बच्ची का शव मिलने के बाद शुरू हुई जांच में उसकी मां ही आरोपी निकली। पुलिस पूछताछ में महिला ने बच्ची की हत्या करना स्वीकार कर लिया है।
भेलकी गांव में शुक्रवार को पानी से भरे नीले प्लास्टिक ड्रम में नवजात बच्ची का शव मिला था। घटना की सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थल निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की है।
पूछताछ में टूटी मां
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान बच्ची की मां से लगातार पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी पहले से एक बेटी है और दूसरी बच्ची के भरण-पोषण की जिम्मेदारी को लेकर वह मानसिक दबाव में थी। इसी दबाव के चलते उसने बच्ची की जान ले ली।
हत्या का मामला दर्ज
सीधी पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
SP ने क्या कहा
सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। स्थल निरीक्षण और विवेचना के बाद बच्ची की मां से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।