| | |

मंडी शुल्क 1.5 प्रतिशत बढ़ाने पर उज्जैन कांग्रेस का विरोध: किसानों का बोझ बढ़ेगा; फैसला वापस लें सरकार

उज्जैन। मंडी शुल्क 1.5 प्रतिशत बढ़ाने पर विरोध शुरू हो गया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने फैसले को वापस लेने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि मंडी शुल्क बढ़ाने का निर्णय प्रदेश के व्यापारियों, किसानों, लघु एवं मध्यम उद्यमों और आम उपभोक्ताओं के आर्थिक हितों पर बुरा प्रभाव डालने वाला है।

दाम बढ़ाने से व्यापार की लागत बढ़ेगी
उन्होंने बताया कि दाम बढ़ाने से व्यापार की लागत बढ़ेगी। इसका असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ेगा। साथ ही किसानों को मिलने वाले उचित मूल्य पर भी असर होगा। लोगों की जेब पर भी बोझ बढ़ेगा। अधिक मंडी शुल्क होने से व्यापार के दूसरे राज्यों में जाने की संभावना बढ़ सकती है। जिससे प्रदेश के व्यापार और रोजगार पर बुरा असर पड़ने की आशंका है।

तुरंत फैसला वापस लें सरकार
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों से पर्याप्त चर्चा किए बिना लिया निर्णय लिया गया है । इससे व्यवहारिक परेशानियां पैदा हो सकती है। जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार अपना फैसला तुरंत वापस लें ।

Share