भोपाल की सड़कों में दौड़ी AC ई-बस: 6-40 रुपए में घूम सकते हैं पूरा शहर, हर स्टॉप पर रुकेंगी

भोपाल। राजधानी भोपाल के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए गुरुवार से AC इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। टिकटिंग सॉफ्टवेयर की सफल टेस्टिंग और ट्रायल रन पूरा होने के बाद अब ये बसें आम यात्रियों के लिए सड़कों पर उतर गई हैं। शुरुआती चरण में शहर के तीन प्रमुख रूटों पर कुल 10 AC ई-बसें संचालित की जा रही हैं।
इन बसों का संचालन चिरायु हॉस्पिटल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन होते हुए बैरागढ़ चिचली तथा चिरायु हॉस्पिटल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन होकर कोच फैक्ट्री तक किया जा रहा है। अलग-अलग समय पर बसें इन रूटों पर सेवाएं दे रही हैं। खास बात यह है कि AC सुविधा मिलने के बावजूद यात्रियों को अतिरिक्त किराया नहीं देना होगा। इन बसों का न्यूनतम किराया 6 से 7 रुपए और अधिकतम 40 रुपए रखा गया है, जो मौजूदा लाल सिटी बसों के किराए के बराबर है।
हर बस स्टॉप पर मिलेगा ठहराव
नई ई-बसों का संचालन शहर में पहले से बने सिटी बस स्टॉप्स से किया जा रहा है। इससे यात्रियों को बस पकड़ने या उतरने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। हालांकि, फिलहाल बसों का निर्धारित टाइम-टेबल पूरी तरह तय नहीं किया गया है, इसलिए यात्रियों को समय संबंधी जानकारी के लिए कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है।