| | |

शिक्षा, बाघ संरक्षण और किसान आंदोलन पर सीएम मोहन यादव का बयान: बोले- 25 हजार करोड़ से विकसित हो रहे सांदीपनि विद्यालय

भोपाल। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा सुधारने के लिए सरकार लगातार बड़े स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 15 दिनों में प्रदेश के सभी सांदीपनि स्कूलों का लोकार्पण किया गया है। पहले और दूसरे चरण में करीब 25 हजार करोड़ रुपए की लागत से इन स्कूलों का विकास किया जा रहा है, ताकि इन्हें देश के सर्वश्रेष्ठ स्कूलों के रूप में विकसित किया जा सके।

सीएम ने विश्व बाघ दिवस की दी शुभकामनाएं
विश्व बाघ दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश में सबसे अधिक बाघों वाला राज्य है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

किसानों से संवाद के लिए बनाई गई समिति
किसान आंदोलन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कृषि कल्याण वर्ष के तहत किसानों के हित में कई योजनाएं शुरू की हैं। किसानों से चर्चा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की समिति गठित की गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल किसानों से मिलने गया था और बुधवार को मंत्री कृष्णा गौर, राकेश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी भी किसानों से संवाद करेंगे।

शांति बनाए रखने की अपील
मुख्यमंत्री ने किसानों से शांति बनाए रखने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के सकारात्मक सुझावों का स्वागत करती है और उनके हितों के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।

‘आम जनता को परेशानी न हो, इसका भी रखें ध्यान’
सीएम ने कहा कि आंदोलन के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ध्यान रखना भी सभी पक्षों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि किसानों की सभी समस्याओं का समाधान आपसी संवाद और सहमति के जरिए निकाला जाएगा।

Share