|

‘भाजपा वाला है, इसे मारो’ कहकर हमला: पार्टी का झंडा निकालकर फेंका; बोले- मौत को छूकर प्रयागराज से लौटा हूं रीवा

रीवा। प्रयागराज के सुभाष चौराहे पर रीवा जिले के चाकघाट निवासी किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं भाजपा नेता प्रशांत पाठक पर हमला होने का मामला सामने आया है। प्रशांत पाठक का आरोप है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक सहित अन्य मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे युवकों ने उनकी गाड़ी पर भाजपा का झंडा देखकर उन्हें घेर लिया।

भीड़ “भाजपा वाला है, इसे मारो” कहते हुए उनकी गाड़ी पर टूट पड़ी। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन के सभी शीशे तोड़ दिए और पार्टी का झंडा निकालकर सड़क पर फेंक दिया। प्रशांत पाठक का दावा है कि वह करीब एक घंटे तक भीड़ के बीच फंसे रहे और किसी तरह जान बचाकर वहां से निकल सके। उन्होंने कहा, “मैं मौत को छूकर लौटा हूं।” घटना का वीडियो भी सामने आया है।

गाड़ी को घेरकर तोड़फोड़ की
प्रशांत पाठक इलाज के सिलसिले में एक दिन पहले प्रयागराज गए थे। वापस लौटते समय सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली। प्रशांत पाठक का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने चारों ओर से वाहन को घेरकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। वाहन के सभी शीशे तोड़ दिए गए और भाजपा का झंडा उखाड़कर सड़क पर फेंक दिया गया। उनका कहना है कि भीड़ उनके साथ मारपीट करने पर आमादा थी। हालात बिगड़ते देख चालक ने वाहन तेजी से आगे बढ़ाया, जिससे वह सुरक्षित वहां से निकलने में सफल रहे।

सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई शिकायत 
घटना के बाद प्रशांत पाठक ने प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इस हमले के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि यह हमला दोनों दलों के इशारे पर कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

काम मारने वाले किए, हार कैसे पहनाए
वहीं, कांग्रेस ने भाजपा नेता के आरोपों को खारिज किया है। कांग्रेस नेता बिजेंद्र गुप्ता ने कहा- काम मारने वाले किए हैं तो कोई हार कैसे पहनाए। कांग्रेस या समाजवादी पार्टी ने कोई हमला नहीं किया। यह नाराज और निराश छात्रों का गुस्सा है, जिसकी वजह खुद भाजपा है। फिलहाल प्रयागराज पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच जारी है।

Share