इंदौर में 640 लीटर घी जब्त: खाद्य विभाग की टीम ने एक्सपायर्ड प्रीमिक्स भी किया बरामद; कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई

इंदौर। इंदौर में खाद्य विभाग ने बाहरी राज्यों से लाए गए 640 लीटर संदिग्ध घी को जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत ₹3 लाख बताई जा रही है। जांच के दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के 21 सेंपल लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक्सपायर्ड प्रीमिक्स भी बरामद
कार्रवाई के दौरान विभाग ने एक्सपायर्ड प्रीमिक्स भी बरामद किया। जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि मिलावट और खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर हुई है। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
सुरक्षा मानकों का करें पालन
खाद्य विभाग ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करें। मिलावट या एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।