| |

भोजपुरी अभिनेत्री अंजना सिंह का खेसारी लाल पर बड़ा आरोप… सोशल मीडिया पर पोस्ट की एआई-जनरेटेड तस्वीरें

 

भोजपुरी अभिनेत्री अंजना सिंह ने अपनी और अपनी 11 वर्षीय बेटी की कथित आपत्तिजनक एआई-जनरेटेड तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। अभिनेत्री ने इस मामले में भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव और उनकी टीम से जुड़े कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सोशल मीडिया पर पोस्ट की मॉर्फ की गई आपत्तिजनक तस्वीरें

अंजना सिंह का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनकी और उनकी बेटी की मॉर्फ की गई आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। इसके साथ ही उनके खिलाफ अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है और लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अंजना सिंह ने दावा किया कि खेसारी लाल यादव की टीम से जुड़े लोगों ने उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से यह अभियान चलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में अभिनेता के मैनेजर अखिलेश कश्यप की भी भूमिका है।

लखनऊ न आने की धमकी दी

अभिनेत्री के अनुसार, उन्हें कुछ लोगों की ओर से धमकियां भी मिली हैं, जिनमें लखनऊ न आने की चेतावनी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से उनके और उनकी बेटी को लेकर आपत्तिजनक गाने भी बनाए गए और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा

मामले के खिलाफ दर्ज एफआईआर में अंजना सिंह ने कहा है कि कुछ लोगों ने साजिश के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके खिलाफ अश्लील और भद्दा कंटेंट साझा किया, मॉर्फ की गई तस्वीरें पोस्ट कीं और उन्हें आपराधिक धमकियां दीं। शिकायत लखनऊ के हजरतगंज साइबर क्राइम विंग में दर्ज कराई गई है। अभिनेत्री ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा है कि उन्हें न्याय मिलेगा। फिलहाल, इस मामले में खेसारी लाल यादव या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share