छात्रों के सपोर्ट में बोले सुपरस्टार सलमान खान, इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा- यह आंदोलन और विरोध प्रदर्शन बिल्कुल सही दिशा में किया गया
जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को लगातार सहयोग मिल रहा है। सिनेमा जगत के कई बड़े नाम अभी तक इस आंदोलन से जुड़ चुके है और प्रमुखता से अपनी बात सामने रख चुके है। अब बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान ने भी छात्रों के हक़ में अपनी बात रखी है। उन्होंने छात्रों के साथ हुई हिंसा की कड़ी निंदा भी की और उनके विरोध प्रदर्शन को सही करार दिया।
यह देखकर बहुत दुख होता है
सलमान खान ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से अपने स्कूल के दिनों की एक तस्वीर शेयर कर लिखा- यह एक बेहद शांतिपूर्ण आंदोलन था। यह देखकर बहुत दुख होता है कि इसे हिंसक मोड़ लेना पड़ा। इस आंदोलन में घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है। यह देखकर खुशी होती है कि हमारे देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग के लिए एकजुट होकर सामने आए हैं और उनके माता-पिता ने भी उनका साथ दिया है।
छात्रों के इस कदम की दिल से सराहना करता हूं
इसके आगे सलमान खान ने लिखा ‘मैं छात्रों के इस कदम की दिल से सराहना करता हूं। उन्होंने जिस समर्पण, ईमानदारी और मेहनत से पढ़कर अपना भविष्य बनाने का जज्बा दिखाया है, वह काबिले-तारीफ है। यही युवा पीढ़ी एक शिक्षित और मजबूत भारत का निर्माण करेगी और देश का नाम रोशन करेगी।’
उन्होंने यह भी लिखा कि ‘यह आंदोलन और यह विरोध प्रदर्शन बिल्कुल सही दिशा में किया गया है और छात्रों ने इसे पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया। उनका साहस, हिम्मत और शिक्षा के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है।’
यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है
सलमान ने यह भी कहा ‘यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है। इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। इसका पूरा श्रेय सिर्फ हमारे देश के छात्रों को मिलना चाहिए। मुझे पूरा विश्वास है कि सरकार भी उनका साथ देगी और हमारी शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी। यह सभी के लिए फायदे की स्थिति होगी। मैं सकारात्मक फैसले की उम्मीद और प्रार्थना करता हूं। भगवान उन सभी का भला करे जो शिक्षा हासिल करना चाहते हैं।’
शिक्षा ही अगला ट्रेंड और फैशन बने
पोस्ट के आखिर में सलमान ने लिखा है, ‘मेरी इच्छा है कि शिक्षा ही अगला ट्रेंड और फैशन बने। हर साल पढ़ाई को लेकर लोगों का उत्साह और बढ़े। इतना कि बाहर से लोग भारत में पढ़ने आएं और भारत ही एजुकेशन हब बने। इस पोस्ट को कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने अकाउंट से री-शेयर भी किया है।
यह सितारें भी हो चुके है शामिल
बता दें कि इससे पहले शबाना आज़मी, अनुपम खेर, राजकुमार राव, रघुबीर यादव, नसीरुद्दीन शाह, स्वरा भास्कर और अन्य कई फ़िल्मी सितारें भी आंदोलन के सपोर्ट में बोल चुके है। शबना आज़मी और स्वरा भास्कर आंदोलन में बैठे छात्रों से मिलने जंतर मंतर भी पहुंची थी।