आईसीयू और सर्जरी की बात पर अमिताभ ने दी सफाई, कहा- पोस्ट को गलत समझा गया, मैं बस एक उदाहरण दे रहा था

हाल ही में अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने आईसीयू और सर्जरी का जिक्र किया था। इसके बाद फैन्स ने उनके स्वास्थ को लेकर चिंता जताना शुरू कर दिया था। अब अमिताभ बच्चन ने एक और पोस्ट के माध्यम से अपने बीमार होने की बात को ख़ारिज किया है।
‘मैं ठीक हूं…; पोस्ट को गलत समझा गया
अमिताभ बच्चन ने पोस्ट कर लिखा है कि ‘मैं ठीक हूं…; पोस्ट को गलत समझा गया। मैं बस एक उदाहरण दे रहा था। सर्जरी या ICU में रहने के बाद, सबसे मुश्किल समय तब होता है जब आप घर लौटते हैं और अपनी कमजोर हालत का सामना करते हैं। तो.. जब कोई चैंपियन हारता है, तो हार के बाद खुद को संभालना सबसे मुश्किल काम होता है’। दरअसल अमिताभ ने यह पोस्ट हाल ही में हुए फोफा वर्ल्ड कप को लेकर की थी। अर्जेंटीना की हार के बाद खिलाड़ियों की मनःदशा की तुलना उन्होंने आईसीयू से निकले मरीज से की है लेकिन ब्लॉग पढ़कर लोग उसे गलत समझ बैठे।
समय के साथ कोई और चैंपियन भी आएगा
अपनी बात को समझाते हुए बच्चन ने आगे लिखा है- ‘उदाहरण के लिए…, अर्जेंटीना की हार और मेसी का हारने वाला चैंपियन बनना। लोगों को लगा कि यह मेरे बारे में है। गलतफहमी थी। हर चैंपियन को यह पता होना चाहिए कि समय के साथ कोई और चैंपियन भी आएगा। किसी चैंपियन के लिए यह मानना मुश्किल होता है कि किसी और ने उसकी जगह ले ली है, लेकिन जिंदगी ऐसी ही है, यह हमेशा चलता रहेगा’।
बदलाव को स्वीकार करना मुश्किल
अमिताभ बच्चन ने आगे लिखा है, ‘मान लीजिए आप अस्पताल जाते हैं (भगवान न करे ऐसा हो) किसी ऐसी बीमारी के इलाज के लिए, जिसमें ठीक होने की जरूरत हो। जब आप गए थे तो आपका शरीर ठीक था, लेकिन सर्जरी या इलाज के बाद बीमारी तो ठीक हो जाती है, पर उसके बाद शरीर को संभालना मुश्किल होता है। हो सकता है कि शरीर पहले जैसा काम न करे और उस बदलाव को स्वीकार करना मुश्किल होता है। शरीर कमाल का होता है, यह खुद को ढाल लेता है, काम करता है, लेकिन शायद पहले जैसा नहीं। हारने वाले चैंपियन को भी ऐसी ही भावनाओं का सामना करना पड़ता है। लेकिन, वे डटकर मुकाबला करते हैं। जब शरीर पर मेहनत की जाती है तो नतीजे मिलते हैं, शायद पहले जैसे न हों, लेकिन नतीजे जरूर मिलते हैं। चैंपियन अपनी हार से उबर सकता है और फिर से चैंपियन बनने के लिए लड़ सकता है।