पेटलावद – रायपुरिया मार्ग पर चलती बाइक में लगी भीषण आग, पिता-पुत्र बाल-बाल बचे
रायपुरिया-पेटलावद मार्ग पर गुरुवार सुबह अनंतखेड़ी फांटे के समीप चलती बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में बेड़दा निवासी दिलीप पिता लिमजी कटारा ने समय रहते सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने दोनों बच्चों की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, दिलीप अपने दो बच्चों राहुल और सुन्नी को बाइक से झाड़-फूंक के लिए मातापाड़ा ले जा रहे थे। सुबह करीब 7:25 बजे अचानक बाइक से धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए दिलीप ने तुरंत बाइक सड़क किनारे रोक दी और दोनों बच्चों के साथ सुरक्षित नीचे उतर गए।
कुछ ही क्षणों में बाइक ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक भूरजी गुंडिया एवं पायलट रजनीश सिंगाड़ ने घटनास्थल का पंचनामा बनाकर आवश्यक कार्रवाई की। दिलीप की तत्परता और सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।