| | | | |

उज्जैन-इंदौर मार्ग पर ‘शुक्ला ब्रदर्स’ की बस ने दो गायों को कुचला, गुस्साए ग्रामीणों ने गाड़ी को फूंका

उज्जैन/इंदौर। उज्जैन-इंदौर मुख्य मार्ग पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंथपिपलाई और रामवासा गांव के बीच एक बार फिर ‘शुक्ला ब्रदर्स’ की तेज रफ्तार यात्री बस काल बनकर दौड़ी। इंदौर की तरफ से आ रही बस (एमपी 09 एफए 7470) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी दौड़ाते हुए सड़क पार कर रही दो गायों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बस को आग के हवाले कर दिया।

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए। बेजुबान मवेशियों की मौत से आक्रोशित भीड़ ने बस को घेर लिया। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के वक्त बस में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। ग्रामीणों ने ड्राइवर के भागने के बाद बस में आग लगा दी। सूचना मिलते ही नानाखेड़ा पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आगजनी और बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। इस ताजा हादसे के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों और वाहन चालकों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि इंदौर-उज्जैन फोरलेन पर बसों के ड्राइवर ‘टाइमिंग’ (शेड्यूल) पकड़ने के चक्कर में गाड़ियों को रेस ट्रैक की तरह दौड़ाते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन बेलगाम निजी बसों की रफ्तार पर स्पीड गवर्नर के जरिए नकेल कसी जाए।

‘शुक्ला ब्रदर्स’ की बसों का खराब रिकॉर्ड, ले चुकी हैं कई जानें

यह पहला मौका नहीं है जब ‘शुक्ला ब्रदर्स’ (जो कि इंदौर के भाजपा विधायक के परिवार से जुड़ी बताई जाती हैं) की बसें विवादों और हादसों के घेरे में आई हैं। इंदौर-उज्जैन मार्ग और शहर के भीतर इस ट्रेवल्स की बसों का पुराना रिकॉर्ड बेहद डरावना रहा है।

एक झटके में खत्म हुआ था पूरा परिवार (सितंबर 2025) – इंदौर-सांवेर रोड पर इसी ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दंपती और उनके दो मासूम बच्चों को बेरहमी से कुचल दिया था। इस हृदयविदारक हादसे में पूरा परिवार अकाल मौत का शिकार हो गया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि ड्राइवर मोबाइल पर बात करते हुए बस चला रहा था।

राजकुमार ब्रिज पर हादसा (अक्टूबर 2025) – व्यस्त राजकुमार ब्रिज पर इस ट्रेवल्स की बस के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक्टिवा सवार मां-बेटी को टक्कर मार दी थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

दो बाइकों को मारी थी टक्कर (नवंबर 2025) – इसी रूट पर तेज रफ्तार बस ने दो बाइकों को उड़ाया था, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। तब भी उग्र भीड़ ने बस में जमकर तोड़फोड़ की थी।

एक्टिवा सवार को रौंदा, बस में लगी थी आग (जनवरी 2026) – इसी साल जनवरी में इंदौर के राजकुमार ब्रिज के पास इस कंपनी की बस ने एक एक्टिवा सवार को टक्कर मारी थी, जो बस के नीचे फंस गया था। उसके तुरंत बाद बस में रहस्यमयी तरीके से आग लग गई थी।

Share