शिवपुरी बनेगा देश का नया डिफेंस हब, ₹2500 करोड़ की अदाणी रक्षा फैक्ट्री का शिलान्यास

मध्य प्रदेश का शिवपुरी अब देश के उभरते रक्षा उत्पादन केंद्रों में शामिल होने जा रहा है। पाली गांव में नेशनल हाईवे-27 के किनारे अदाणी समूह की ₹2500 करोड़ की डिफेंस फैक्ट्री का शिलान्यास किया गया। इस अत्याधुनिक इकाई में गोला-बारूद, हाईटेक हथियार, मिशन-रेडी मिसाइलें और अन्य रक्षा उपकरण तैयार किए जाएंगे। परियोजना से करीब 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी समूह के निदेशक करण अदाणी और जीत अडाणी मौजूद रहे। कार्यक्रम से पहले सभी अतिथियों ने प्रदर्शनी में आधुनिक हथियारों, मिसाइलों और डिफेंस उपकरणों का अवलोकन किया।
अदाणी समूह के निदेशक जीत अडाणी ने कहा कि समूह ने मध्य प्रदेश में ₹1.10 लाख करोड़ के निवेश की घोषणा की है। यह निवेश पंप हाइड्रो स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स और थर्मल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समूह का लक्ष्य वर्ष 2030 तक प्रदेश में लगभग 1.20 लाख रोजगार उपलब्ध कराना है। साथ ही कटनी जिले के आमेठा में 1200 मेगावाट बिजली आपूर्ति परियोजना का भी उल्लेख किया।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाले रक्षा उत्पाद देश की सुरक्षा को मजबूत करेंगे और यहां तैयार हथियार व गोला-बारूद भारतीय सेना की क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम बताया। यह डिफेंस फैक्ट्री मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास के साथ-साथ रक्षा क्षेत्र में भी नई पहचान स्थापित करेगी। परियोजना से निवेश बढ़ेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और शिवपुरी देश के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क में महत्वपूर्ण स्थान हासिल करेगा।