| |

प्रधानमंत्री मोदी का 6 दिवसीय यूरोप दौरा शुरू, जी7 शिखर सम्मेलन में रखेंगे भारत का पक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छह दिवसीय महत्वपूर्ण यूरोप दौरा शनिवार से शुरू हो गया। 13 से 18 जून तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री फ्रांस और स्लोवाक गणराज्य का दौरा करेंगे तथा जी7 शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इस यात्रा को भारत की वैश्विक कूटनीति, रणनीतिक साझेदारी और आर्थिक सहयोग के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर यात्रा की जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर इस दौरे पर जा रहे हैं।

फ्रांस में होगा ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम

यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के नीस शहर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि भारत के रणनीतिक दृष्टिकोण में फ्रांस का विशेष स्थान है और दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों 14 जून को संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

‘भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष’ के तहत आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

पहली बार स्लोवाकिया जाएंगे भारतीय प्रधानमंत्री

नीस के बाद प्रधानमंत्री मोदी 14 और 15 जून को स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा का दौरा करेंगे। वर्ष 1993 में स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद यह पहली बार होगा जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा करेगा।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वे वहां के प्रमुख उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से भी मुलाकात करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को गति देना और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना है।

जी7 सम्मेलन में भारत की मजबूत उपस्थिति

स्लोवाकिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के एवियन शहर पहुंचेंगे, जहां 16 और 17 जून को आयोजित होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जी7 में भारत की उपस्थिति देश की बढ़ती वैश्विक भूमिका को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत इस मंच पर ग्लोबल साउथ यानी विकासशील और गरीब देशों की आकांक्षाओं, चुनौतियों और हितों को प्रमुखता से उठाएगा।

वीवा टेक 2026 में भी होंगे शामिल

यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी 18 जून को पेरिस पहुंचेंगे, जहां वह राष्ट्रपति मैक्रों के साथ यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और इनोवेशन शो ‘वीवा टेक 2026’ में भाग लेंगे। इस वर्ष इस आयोजन में अब तक का सबसे बड़ा भारतीय राष्ट्रीय पवेलियन स्थापित किया गया है।

प्रधानमंत्री पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों से भी संवाद करेंगे और भारत की विकास यात्रा तथा वैश्विक अवसरों पर चर्चा करेंगे।

लगातार आठवीं बार जी7 में भारत को आमंत्रण

उल्लेखनीय है कि यह लगातार आठवां अवसर है जब भारत को विशेष अतिथि के रूप में जी7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। यह भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी महत्वपूर्ण भूमिका का प्रतीक माना जा रहा है।

Share

Similar Posts