3 घंटे भिखारी बनकर घूमे ₹3,383 करोड़ के मालिक BJP विधायक: अपने ही ऑफिस में गार्ड ने नहीं पहचाना; गरीबों से मिली बड़ी सीख

मुंबई। महाराष्ट्र के घाटकोपर में BJP विधायक पराग शाह करीब 3 घंटे तक भिखारी का भेष बनाकर घूमते रहे। पराग शाह घाटकोपर ईस्ट से दो बार के BJP विधायक हैं। वे कारोबारी और रियल एस्टेट डेवलपर भी हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव में दिए हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति ₹3,383.06 करोड़ थी। वे उस चुनाव में महाराष्ट्र के सबसे अमीर उम्मीदवार थे।

पराग शाह ने 7 सितंबर को भिखारी का रूप बनाया। इसके बाद वे घाटकोपर स्टेशन, फुटओवर ब्रिज और अपने विधानसभा क्षेत्र की अलग-अलग सड़कों पर गए। इस दौरान उन्होंने लोगों से खाना भी मांगा। उनका कहना है कि करीब 3 घंटे तक वे इसी रूप में घूमते रहे।

अपने ही ऑफिस में गार्ड ने नहीं पहचाना
पराग शाह अपने ऑफिस भी पहुंचे। वहां सुरक्षा गार्ड उन्हें पहचान नहीं पाया और ऑफिस से जाने को कहा। इतना ही नहीं, उनके परिवार के लोग भी उन्हें इस भेष में पहचान नहीं पाए।

गुरु के कहने पर किया ऐसा
पराग शाह ने बताया कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम या स्टंट नहीं था। उनके जैन गुरु नमन मुनि महाराज ने उन्हें ऐसा करने की सलाह दी थी। गुरु ने उनसे कहा था कि वे अपना रूप बदलकर उन जगहों पर जाएं, जहां लोग उन्हें जानते हैं। इसके बाद देखें कि लोग उन्हें पहचानते हैं या नहीं।

पराग शाह का कहना है कि इस अनुभव से उन्हें समझ आया कि कई बार लोग किसी व्यक्ति को उसकी पहचान से नहीं, बल्कि उसके पद, ताकत और पैसे की वजह से पहचानते हैं।

खाने की जगह पर मिले दाल-चावल और पानी
भिखारी के भेष में पराग शाह एक ऐसी जगह भी पहुंचे, जहां जरूरतमंद लोगों को मुफ्त खाना दिया जाता है। उन्होंने वहां खाना मांगा। वहां मौजूद कर्मचारी ने उन्हें बिना पहचाने दाल, चावल और पानी दिया। इसके बाद वे एक समोसे वाले के पास गए। उन्होंने कहा कि उनके पास खाने के लिए कुछ नहीं है। दुकानदार ने उन्हें 5 समोसे दे दिए।

गरीबों को लेकर बदली सोच
पराग शाह ने कहा कि इस अनुभव ने गरीब लोगों को लेकर उनकी सोच बदली। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें लगता था कि गरीब लोग सिर्फ दूसरों से मदद मांगते हैं। लेकिन इस अनुभव के बाद उन्हें समझ आया कि गरीब लोग एक-दूसरे की मदद भी करते हैं। उनके अनुसार, इस पूरे अनुभव ने उन्हें अपनी पहचान, पैसा और लोगों के व्यवहार को नए तरीके से समझने का मौका दिया।

Share