| |

छतरपुर में सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा, 5 घंटे तक चला बवाल, पुलिस पर पथराव, 4 गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर में एक सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। विंध्यवासिनी मंदिर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुए इस घटनाक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच करीब पांच घंटे तक तनाव और बवाल चलता रहा। मारपीट, पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ के बीच पुलिस टीम भी उपद्रवियों के निशाने पर आ गई। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

सड़क दुर्घटना के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, टोरिया मोहल्ले के तीन युवक तेज रफ्तार में पल्सर बाइक चला रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रहे एक स्कूटर से टकरा गई। हादसे में स्कूटर सवार दंपती और उनकी तीन वर्षीय बेटी घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीड़ित परिवार ने उपचार का खर्च मांगते हुए बाइक की चाबी निकाल ली। इसी बात से नाराज होकर एक युवक कुछ देर बाद अपने साथ कई लोगों को लेकर वापस लौटा और कथित रूप से दंपती के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान स्कूटी को भी नुकसान पहुंचाया गया।

पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसकी गोद से तीन वर्षीय बच्ची को छीनकर सड़क पर फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गई।

दो पक्ष आमने-सामने, हालात हुए तनावपूर्ण

घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित पक्ष के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मामला और बढ़ गया तथा दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोपियों के मोहल्ले में पहुंचने पर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से पथराव व मारपीट शुरू हो गई।

स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान घटनाक्रम का वीडियो बना रहे एक युवक के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा

हालात बिगड़ते देख कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड थाना पुलिस सहित अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। भारी पुलिस बल पहुंचने की सूचना मिलते ही कई आरोपी अपने घरों में ताले लगाकर फरार हो गए।

पुलिस ने रात में ही कार्रवाई करते हुए निसार, निज्जू, छोटू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र के कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग होने का दावा भी किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने, पथराव, तोड़फोड़ और दंगा फैलाने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

Share

Similar Posts