|

इंदौर में जुटेंगे 15 देशों के राजनयिक, भारत-एलएसी व्यापार-निवेश फोरम का 6 जून को होगा आयोजन

भोपाल। मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इंदौर में 6 जून को भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन (एलएसी) व्यापार-निवेश फोरम 2026 का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस प्रतिष्ठित फोरम का शुभारंभ करेंगे।

जनसंपर्क अधिकारी बबीता मिश्रा ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश निवेश, निर्यात और वैश्विक साझेदारियों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार के सहयोग से ग्लोबल इंडिया बिजनेस फोरम (GIBF) द्वारा इंदौर के होटल रेडिसन ब्लू में इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

फोरम में लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के 15 देशों के वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें विभिन्न देशों के राजदूत, उच्चायुक्त और महावाणिज्यदूत शामिल रहेंगे। इसके अलावा निवेशक, उद्योगपति, निर्यातक, व्यापार आयुक्त, एमएसएमई क्षेत्र के प्रतिनिधि और वरिष्ठ शासकीय अधिकारी सहित 350 से अधिक प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। चार प्रमुख वाणिज्य एवं उद्योग मंडल भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और लैटिन अमेरिका-कैरिबियन देशों के बीच व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को नई दिशा देना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव फोरम को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसरों और वैश्विक साझेदारियों की संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।

फोरम के दौरान ‘भारत-एलएसी विशेष संस्करण’ का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही मध्य प्रदेश की निवेश क्षमताओं और औद्योगिक अवसरों पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडल अपने-अपने देशों में उपलब्ध निवेश अवसरों और व्यापारिक संभावनाओं को भी साझा करेंगे।

कार्यक्रम में विनिर्माण क्षेत्र पर केंद्रित चर्चाओं में फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग शामिल रहेंगे। वहीं सेवा क्षेत्र से जुड़ी चर्चाओं में सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन, फिनटेक और शिक्षा क्षेत्र में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

फोरम में उद्योगों और निवेशकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को बढ़ावा देने के लिए बी2बी (बिजनेस टू बिजनेस) और बी2जी (बिजनेस टू गवर्नमेंट) बैठकों का भी आयोजन होगा, जिससे निवेश प्रस्तावों को मूर्त रूप देने में मदद मिलेगी।

मध्य प्रदेश के निर्यात प्रदर्शन की बात करें तो वर्ष 2025-26 में राज्य से लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन क्षेत्र को लगभग 4,186 करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.6 प्रतिशत अधिक है। इस निर्यात में फार्मास्यूटिकल क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ब्राज़ील, मैक्सिको और चिली मध्य प्रदेश के प्रमुख निर्यात बाजारों में शामिल हैं।

राज्य सरकार का मानना है कि यह फोरम मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और अधिक मजबूत पहचान दिलाने के साथ-साथ नए व्यापारिक अवसरों और आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Share

Similar Posts