बांग्लादेश में ‘ट्रम्प भैंसे’ की कुर्बानी पर रोक: 700 किलो का भैंसा नेशनल जू भेजा गया

बांग्लादेश में ‘डोनाल्ड ट्रम्प’ नाम से मशहूर 700 किलो के सफेद भैंसे की ईद-उल-अजहा पर होने वाली कुर्बानी रोक दी गई है। लोकप्रियता हासिल कर चुके इस भैंसे को अब नेशनल जू भेज दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भैंसे को 3.85 लाख टका (करीब 3 लाख रुपए) में बेचा गया था। Bangladesh की राजधानी ढाका के पास नारायणगंज स्थित एक एग्रो फार्म में पल रहे इस भैंसे को ईद पर कुर्बानी के लिए खरीदा गया था।
बताया गया कि जिंजिरा के रसूलपुर इलाके के रहने वाले मोहम्मद शोरोन ने 23 मई को इसे ईद-उल-अजहा के लिए खरीदा था। 700 किलो वजन वाले इस भैंसे की कीमत 550 टका प्रति किलोग्राम तय की गई थी। इसकी विशालकाय कद-काठी और सफेद रंग के कारण यह सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया था।
भैंसे की बढ़ती लोकप्रियता के बाद मामला सरकार तक पहुंचा। इसके बाद Ministry of Home Affairs Bangladesh ने बुधवार को इसकी कुर्बानी रोकने का आदेश जारी किया। प्रशासन ने भैंसे को सुरक्षित रखने के लिए नेशनल जू भेज दिया है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, ‘ट्रम्प भैंसा’ नाम उसकी खास बनावट और व्यक्तित्व को देखकर रखा गया था, जिसके बाद वह लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया था।






