| | |

कोलकाता से शुरू हुआ मार्को रुबियो का भारत दौरा, पत्नी संग मदर हाउस पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार सुबह अपनी पत्नी के साथ भारत दौरे पर कोलकाता पहुंचे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आगमन के बाद वह सीधे तालतला स्थित मदर (टेरेसा) हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दोपहर में उनके नई दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है, जहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मार्को रुबियो के कोलकाता पहुंचने की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली बैठक में व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा सहयोग और क्वाड समूह से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

पश्चिम एशिया तनाव के बीच अहम मानी जा रही यात्रा

मार्को रुबियो की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब पश्चिम एशिया में तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते टकराव को लेकर वैश्विक चिंता बनी हुई है। ऐसे में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि भारत लगातार बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों के जरिए क्षेत्र में शांति बनाए रखने की वकालत करता रहा है।

भारत ने हाल के दिनों में हॉर्मुज जलडमरूमध्य में मालवाहक जहाजों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है, जिससे वैश्विक व्यापार प्रभावित न हो।

भारत को बताया ‘बेहद करीबी मित्र’

कोलकाता रवाना होने से पहले मार्को रुबियो ने भारत को अमेरिका का “बेहद करीबी मित्र” बताते हुए कहा कि वह भारतीय मंत्रियों और क्वाड देशों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग नए स्तर पर पहुंच रहा है।

26 मई को क्वाड बैठक में होंगे शामिल

अपने भारत दौरे के अंतिम दिन 26 मई को मार्को रुबियो नई दिल्ली में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री मोटेगी तोशिमित्सु भी शामिल होंगे। बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, सामरिक सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

Share

Similar Posts