इंदौर में फिल्म ‘बैलेंस’ की शूटिंग जारी, रोहिताश्व गौर बोले- दो पीढ़ियों के अंतर्द्वंद की कहानी है फिल्म

इंदौर में फिल्म ‘बैलेंस’ की शूटिंग, रोहिताश्व गौर बोले- दो पीढ़ियों के अंतर्द्वंद की कहानी है फिल्म
इंदौर में इन दिनों फिल्म ‘बैलेंस’ (Balance) की शूटिंग चल रही है। फिल्म को लेकर द सेक्रेड वॉल मोशन पिक्चर्स प्रा. लि. द्वारा एक मीडिया इंटरेक्शन और प्रेस मीट का आयोजन किया गया, जिसमें फिल्म की कोर टीम और कलाकार मौजूद रहे। इस दौरान फिल्म की कहानी, शूटिंग और इंदौर के कलाकारों को लेकर कई बातें साझा की गईं।
फैमिली वैल्यूज और पीढ़ियों की सोच पर आधारित है कहानी
फिल्म के निर्देशक और लेखक प्रवेश व्यास हैं, जबकि रुचिता मेहता व्यास इसके निर्माता हैं। फिल्म में मुख्य भूमिका रोहिताश्व गौर निभा रहे हैं। वहीं सपोर्टिंग कास्ट में मीनल शर्मा, पूजा चौधरी और राघव श्रीवास्तव शामिल हैं।
रोहिताश्व गौर ने बताया कि फिल्म फैमिली वैल्यूज और दो पीढ़ियों के विचारों के टकराव पर आधारित है। उन्होंने कहा कि फिल्म में एक पारंपरिक सोच वाले पिता और पश्चिमी संस्कृति से प्रभावित हो रहे बच्चों के बीच अंतर्द्वंद को दिखाया गया है।
उन्होंने बताया, “मैं फिल्म में पिता का किरदार निभा रहा हूं और राघव मेरे बेटे की भूमिका में हैं। फिल्म यह नहीं बताती कि कौन सही है और कौन गलत, बल्कि दोनों पीढ़ियों के बीच बैलेंस बनाने की कोशिश करती है।”
“किसी पर विचारधारा नहीं थोपी गई”
रोहिताश्व गौर ने कहा कि फिल्म के लेखक ने किसी एक विचारधारा को थोपने की कोशिश नहीं की है। कहानी में कोई निर्णायक निष्कर्ष नहीं दिया गया, बल्कि रिश्तों और सोच में संतुलन की बात कही गई है।
इंदौर की लोकेशन्स और कलाकारों की तारीफ
इंदौर में शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए रोहिताश्व गौर ने कहा कि शहर में बेहतरीन लोकेशन्स और लोगों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब मुंबई की तरह इंदौर में भी जूनियर आर्टिस्ट और मजबूत टेक्निकल क्रू उपलब्ध होने लगे हैं।
उन्होंने स्थानीय कलाकारों की तारीफ करते हुए कहा, “हमारी फिल्म में ज्यादातर कलाकार इंदौर के हैं। रंगमंच से जुड़े ये कलाकार बेहद मैच्योर हैं। ऐसा लगा ही नहीं कि पहली बार साथ काम कर रहा हूं।”
रोहिताश्व गौर ने यह भी कहा कि अब सिर्फ बड़े शहर ही नहीं, बल्कि इंदौर जैसे छोटे शहरों में भी फिल्मों की शूटिंग के लिए सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे फिल्म इंडस्ट्री को नए विकल्प मिल रहे हैं।






