इंदौर में ‘ऑपरेशन सिक्रेट मिडनाइट’: महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले दो मनचले रीजनल पार्क से गिरफ्तार

महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर इंदौर पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के रीजनल पार्क में ‘ऑपरेशन सिक्रेट मिडनाइट’ चलाकर दो मनचलों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रीजनल पार्क क्षेत्र में महिलाओं से छेड़छाड़, फब्तियां कसने और सीटी बजाने जैसी शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद ‘ऑपरेशन मजनू’ के तहत विशेष रणनीति तैयार की गई।
सादी वर्दी में तैनात थीं महिला पुलिसकर्मी
इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जोन-1 पुलिस को महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष कार्रवाई के आदेश दिए गए थे।
इसी के तहत रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दो महिला आरक्षकों को आम युवतियों की तरह सिविल ड्रेस (सादी वर्दी) में रीजनल पार्क क्षेत्र में भेजा गया। उनके पीछे बैकअप के तौर पर पुलिस टीम भी तैनात रही।
कमेंट पास करते ही दबोचे गए आरोपी
जैसे ही महिला पुलिसकर्मी पार्क क्षेत्र में पहुंचीं, वहां मौजूद दो युवकों ने सीटी बजाना शुरू कर दिया और महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। आरोपियों ने कथित तौर पर “हेलो मैडम, आपका नंबर मिलेगा क्या?” जैसे कमेंट भी किए।
इसी दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को रोक लिया, जिसके बाद पीछे मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की सख्ती
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।






