वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री बनने पर पीएम मोदी, खरगे और राहुल गांधी ने दी बधाई

केरल के नए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के शपथ ग्रहण के बाद देश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने नई सरकार के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर संदेश जारी करते हुए वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार केरल की नवगठित सरकार को जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में हरसंभव सहयोग देगी।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी वीडी सतीशन और पूरी मंत्रिपरिषद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस-यूडीएफ के सामूहिक नेतृत्व में केरल विकास, न्याय, समावेशन और सौहार्द की दिशा में आगे बढ़ेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि केरल की जनता ने इस सरकार के लिए संघर्ष किया है और जनता की आवाज ही सरकार का मार्गदर्शन करेगी। उन्होंने वीडी सतीशन और पूरी मंत्रिपरिषद को बधाई देते हुए कहा कि यह सरकार हर केरलवासी की आवाज का प्रतिनिधित्व करेगी। राहुल ने केसी वेणुगोपाल और यूडीएफ कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी सराहना की।
तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। समारोह में प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कांग्रेस और यूडीएफ के कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
दिलचस्प बात यह रही कि भारतीय जनता पार्टी के केरल प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर वह अपनी पार्टी और समर्थकों का प्रतिनिधित्व करते हुए कार्यक्रम में पहुंचे।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने कहा कि करीब 60 वर्षों बाद ऐसा हुआ है, जब यूडीएफ की पूरी मंत्रिपरिषद ने एक साथ शपथ ली है। उनके साथ 20 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और अन्य सहयोगी दलों के विधायक शामिल हैं।






