छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह: आज ‘नेक्स्ट जेन CG डायल-112’ का शुभारंभ, बस्तर में जन सुविधा केंद्र की सौगात

Amit Shah तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री 17 मई की रात रायपुर पहुंचे। अपने दौरे के दूसरे दिन आज वे रायपुर और बस्तर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जहां सुरक्षा व्यवस्था, जनसुविधाओं और प्रशासनिक सेवाओं को मजबूत करने पर फोकस रहेगा।
आज लॉन्च होगी ‘नेक्स्ट जेन CG डायल-112’ सेवा
अमित शाह सुबह 10:15 बजे रायपुर स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के परेड ग्राउंड से राज्य की आपातकालीन सेवा “नेक्स्ट जेन CG डायल-112” के आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में आपातकालीन पुलिस सहायता को अधिक तेज, आधुनिक और प्रभावी बनाना है।
बस्तर में जन सुविधा केंद्र की सौगात
रायपुर कार्यक्रम के बाद शाह सीधे बस्तर जिले के नेतानार गांव पहुंचेंगे। यहां वे सुबह 11:45 बजे वीर शहीद गुंडाधुर के गांव से ‘जन सुविधा केंद्र’ का शुभारंभ करेंगे। यह केंद्र सुदूर आदिवासी इलाकों में सरकारी और डिजिटल सेवाओं को आसान पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा है।
शहीदों को श्रद्धांजलि, सुरक्षा बलों से संवाद
दोपहर 1 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका में अमित शाह देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद बादल अकादमी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में वे सीआरपीएफ, राज्य पुलिस, विशेष सुरक्षा बलों, नक्सल प्रभावित परिवारों और स्थानीय समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर जमीनी हालात और विकास योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में होंगे शामिल
शाम 6:30 बजे अमित शाह ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में बस्तर की जनजातीय कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
19 मई को भी कई अहम बैठकें
दौरे के अंतिम दिन 19 मई को गृहमंत्री जगदलपुर में उच्च स्तरीय बैठकों और प्रशासनिक समीक्षा कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के संतुलन को लेकर कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।






