बचत अभियान से गरीबों के लिए नई योजनाएं बनाए सरकार: शांता कुमार

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री Shanta Kumar ने प्रधानमंत्री के बचत अभियान की सराहना करते हुए सरकार से अपील की है कि बचत से होने वाली राशि को गरीबों के कल्याण और नई योजनाओं के निर्माण में खर्च किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब रुकना नहीं चाहिए और तब तक जारी रहना चाहिए, जब तक देश का हर गरीब आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में सक्षम न हो जाए।
गुरुवार को जारी एक बयान में शांता कुमार ने कहा कि देश में आज भी बड़ी संख्या में लोग गरीबी, बेरोजगारी और आर्थिक विषमता जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने चिंता जताई कि एक ओर समाज का एक वर्ग आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहा है, जबकि दूसरी ओर गरीब तबका आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है, जिससे आत्महत्या जैसी घटनाओं में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। ऐसे में सरकार को गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए नई योजनाओं पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
शांता कुमार ने प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से बचत करने की अपील का स्वागत करते हुए कहा कि इससे देशभर में एक सकारात्मक वातावरण बना है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा अधिक बचत करने की घोषणा को भी सराहनीय कदम बताया।
उन्होंने कहा कि इस नए बचत अभियान (Savings Campaign) से देश को करोड़ों-अरबों रुपये की बचत हो सकती है, जिसे गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे लोगों, बेरोजगार युवाओं और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
अपने बयान में शांता कुमार ने Bharatiya Janata Party को मिल रहे जनसमर्थन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की सफलता यह संकेत देती है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण को लेकर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश में होने वाले नगर निगम और पंचायत राज चुनावों में भी भाजपा को व्यापक समर्थन मिलेगा और राज्य की जनता ने वर्ष 2027 में भाजपा सरकार बनाने का मन बना लिया है।






