जवानों और नागरिकों ने मिलकर जगाया फिटनेस व देशभक्ति का जज्बा, ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ में उमड़ा उत्साह

नई दिल्ली के प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में रविवार सुबह देशभक्ति, फिटनेस और राष्ट्रीय एकता का अनूठा संगम देखने को मिला, जब ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के 73वें संस्करण में भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना के जवान नागरिकों के साथ साइकिलिंग अभियान में शामिल हुए। इस आयोजन ने फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ देशभक्ति और अनुशासित जीवनशैली का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में 800 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें सशस्त्र बलों के 60 प्रतिनिधि शामिल थे, जिनमें सेना, नौसेना और वायु सेना से 20-20 जवानों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा खिलाड़ी, फिटनेस प्रेमी, छात्र और उनके परिवार भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन के दौरान पूरा स्टेडियम ऊर्जा और उत्साह से भरा नजर आया।
इस विशेष अवसर पर भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन एम.एल.एस. प्रसाद, भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल दारा सिंह और भारतीय नौसेना के कैप्टन मनीष सैन भी मौजूद रहे। इनके साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहलवान प्रिया मलिक और दीक्षा मलिक ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर लोगों को फिट रहने और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन एम.एल.एस. प्रसाद ने कहा कि सशस्त्र बलों का उद्देश्य केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वस्थ और अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि सैनिकों की तरह हर नागरिक को फिट और सक्रिय रहना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर ही मजबूत राष्ट्र की नींव होता है।
लेफ्टिनेंट कर्नल दारा सिंह ने कार्यक्रम के सामाजिक संदेश पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज में अनुशासन और नशामुक्ति जैसे सकारात्मक संदेशों को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि सेना के जवान जिस तरह नियमित दिनचर्या और फिटनेस को प्राथमिकता देते हैं, उसी तरह आम नागरिकों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।
पहलवान दीक्षा मलिक ने लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फिटनेस किसी एक उम्र या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। ऐसे आयोजनों से न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता भी बढ़ती है।
साइकिलिंग अभियान के अलावा कार्यक्रम में जुम्बा सेशन, योग प्रदर्शन, रस्सी कूद, वॉलीबॉल, नींबू-चम्मच दौड़ और मनोरंजन गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों ने भरपूर आनंद उठाया। आयुष मंत्रालय की ‘योग 365’ पहल के तहत लगाए गए विशेष योग परामर्श बूथ पर लोगों ने स्वास्थ्य संबंधी सलाह ली और योग विशेषज्ञों से बातचीत की।
‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ का यह आयोजन एक बार फिर इस संदेश को मजबूत करने में सफल रहा कि स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत और विकसित भारत की पहचान हैं। जवानों और नागरिकों की साझा भागीदारी ने यह साबित किया कि फिटनेस और देशभक्ति का भाव जब साथ चलता है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव की नई ऊर्जा पैदा होती है।






