| | |

इंदौर में गंदगी के बीच बन रही थी कुल्फी, बिना लाइसेंस चल रही फैक्ट्री पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Indore में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावटी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धार रोड स्थित एक कुल्फी निर्माण इकाई को बंद करा दिया।

जिला प्रशासन के मुताबिक खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने धार रोड स्थित “माँ इंटरप्राइजेज” पर औचक निरीक्षण किया, जहां प्रोपराइटर विष्णु सुथार द्वारा कुल्फी निर्माण कार्य संचालित किया जा रहा था।

बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार

जांच के दौरान “बॉम्बे चौपाटी” ब्रांड की विभिन्न फ्लेवर वाली आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट को कोल्ड रूम में स्टोर पाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रतिष्ठान के पास कोई वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन मौजूद नहीं था। संचालक द्वारा पुराने पते का पंजीयन दिखाया गया, जो केवल स्टोरेज के लिए मान्य था, जबकि वर्तमान स्थान पर निर्माण, ट्रेडिंग और स्टोरेज तीनों गतिविधियां संचालित हो रही थीं।

निरीक्षण में मिलीं गंभीर अनियमितताएं

निरीक्षण के दौरान फूड हैंडलर्स बिना कैप, ग्लव्स और एप्रोन के काम करते मिले। निर्माण स्थल पर भारी गंदगी पाई गई और मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं थे।

कुल्फी के सांचे फर्श पर रखकर निर्माण किया जा रहा था और कच्चा माल खुले में अव्यवस्थित तरीके से रखा गया था।

मौके से कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट के कुल 8 नमूने जांच के लिए लिए गए। बिना वैध लाइसेंस संचालन पाए जाने पर खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बियाबानी धार रोड स्थित “पंकज आइस कैंडी” का भी निरीक्षण किया, जहां आइस कैंडी और फ्रोजन डेजर्ट के 5 नमूने जांच के लिए लिए गए।

कलेक्टर हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर “राधिका फरियाली एंड सैंडविच” का निरीक्षण कर साबूदाना खिचड़ी का नमूना जांच के लिए भेजा गया।

इसी तरह “श्री साईं डोसा भवन” से इडली और चटनी के नमूने लिए गए।

कई फूड आउटलेट्स से लिए गए सैंपल

कार्रवाई के दौरान “चाइनीज वोक” से सॉस और पनीर, “एशिया 7” से हक्का नूडल्स, “मोम स्टेशन जूस” से जूस के नमूने लिए गए।

“एशिया 7” में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों का अलग-अलग भंडारण नहीं पाए जाने पर नोटिस भी जारी किया गया।

इसके अलावा “ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड विजय नगर”, “Samosa.nic” और “डॉक्टर जोश” समेत कई प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए।

कोल्ड स्टोरेज की भी जांच

खाद्य विभाग की टीम ने पालदा स्थित Quality Kela Cold Storage का निरीक्षण भी किया। यहां फलों को पकाने के लिए अनुमत रसायनों के उपयोग की पुष्टि हुई।

Shivam Verma ने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share

Similar Posts