असम विधानसभा चुनाव: 40 केंद्रों पर होगी मतगणना, 722 उम्मीदवारों का फैसला आज

असम विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। राज्य के 40 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी।
इस मतगणना के साथ ही राज्य के 126 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 722 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।
उल्लेखनीय है कि 9 अप्रैल को राज्य में एक ही चरण में मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 85.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान माना जा रहा है।
चुनाव में विभिन्न दलों ने बड़े पैमाने पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 90 सीटों पर, कांग्रेस ने 99 सीटों पर, असम गण परिषद ने 26 सीटों पर, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ने 27 सीटों पर और तृणमूल कांग्रेस ने 23 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दलों के साथ 259 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
राज्य में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। मतगणना को लेकर राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम जनता में भी काफी उत्सुकता है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही इस मतगणना के परिणाम आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि असम में अगली सरकार किसकी बनेगी।






