| | | | |

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया बाणेश्वर लोक का भूमि पूजन

इंदौर में धार्मिक और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा क्रमांक-1 स्थित प्राचीन तीर्थ बाणेश्वर धाम में “बाणेश्वर लोक” परियोजना का भूमि पूजन किया। यह परियोजना करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएगी।

इस परियोजना को उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जिसमें भव्य प्रवेश द्वार, विशाल शिव प्रतिमा, मुख्य मंदिर, प्रवचन हॉल, यज्ञशाला और नवग्रह वाटिका शामिल होगी। साथ ही प्राचीन कुंड का पुनर्निर्माण और संरक्षण भी किया जाएगा।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बाणेश्वर लोक भविष्य में इंदौर का प्रमुख तीर्थ स्थल बनेगा और 2028 में उज्जैन महाकुंभ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। उन्होंने इसे धार्मिक के साथ-साथ आर्थिक विकास का केंद्र भी बताया।

कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहे। महापौर ने इसे सनातन संस्कृति के संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम बताया, जबकि आकाश विजयवर्गीय ने इसे क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया।

परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा और इसके पूर्ण होने के बाद यह इंदौर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।

Share

Similar Posts