जयपुर में खातीपुरा स्टेशन बनेगा मेगा सैटेलाइट टर्मिनल, ट्रेनों की हैंडलिंग क्षमता में होगा बड़ा विस्तार

जयपुर में रेलवे ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर के उपनगरीय क्षेत्र स्थित खातीपुरा रेलवे स्टेशन को मेगा सैटेलाइट टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में यह जयपुर जंक्शन का विकल्प बन सकेगा।

रेल मंत्रालय के अनुसार, इस स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं और अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है। यहां ट्रेनों के रखरखाव, धुलाई और निरीक्षण के लिए व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।

लगभग 205 करोड़ रुपये की लागत से कोच केयर कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें ऑटोमैटिक कोच वॉशिंग प्लांट, कंप्यूटरीकृत व्हील प्रोफाइल मैनेजमेंट सिस्टम, कोच लिफ्टिंग यूनिट और उच्च क्षमता वाले क्रेन शामिल होंगे।

स्टेशन पर 6 हाई लेवल प्लेटफॉर्म और 8 रेल लाइनें विकसित की जा रही हैं, जिससे ट्रेनों की आवाजाही और यात्रियों की सुविधा दोनों बेहतर होगी। साथ ही शंटिंग और स्टेबलिंग के लिए अलग-अलग लाइनों का निर्माण भी किया जा रहा है।

परियोजना के तहत दो मंजिला लिनन मेंटेनेंस भवन, तीन मंजिला प्रशासनिक भवन और यार्ड मास्टर कार्यालय भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा व्हील लेथ शेड और पानी भरने की आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

रेल मंत्रालय ने कहा है कि खातीपुरा टर्मिनल के विकसित होने से लंबी दूरी की ट्रेनों और दिल्ली कॉरिडोर पर संचालन क्षमता बढ़ेगी। यह स्टेशन वंदे भारत, एलएचबी और डीएमयू रेक के रखरखाव का प्रमुख केंद्र बनेगा।

इस परियोजना से जयपुर जंक्शन पर दबाव कम होगा और शहर को एक आधुनिक वैकल्पिक रेलवे टर्मिनल की सुविधा मिलेगी।

Share

Similar Posts