|

ईरान का 10-सूत्रीय प्रस्ताव सामने: अमेरिका से बातचीत जारी, सीजफायर के बीच तय होंगी युद्ध खत्म करने की शर्तें

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत के लिए अपना 10-सूत्रीय प्रस्ताव पेश किया है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि दो हफ्ते का सीजफायर युद्ध के अंत का संकेत नहीं है, बल्कि यह केवल बातचीत के लिए एक अवसर है।

ईरान की अर्ध-सरकारी एजेंसी मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस प्रस्ताव में होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का नियंत्रण बनाए रखने, परमाणु संवर्धन के अधिकार की अंतरराष्ट्रीय मान्यता, सभी प्राथमिक और द्वितीयक प्रतिबंधों को हटाने और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों को समाप्त करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के खिलाफ प्रस्तावों को खत्म करने और अमेरिका से भविष्य में किसी भी आक्रामक कार्रवाई से बचने की गारंटी भी मांगी गई है।

ईरान ने युद्ध के दौरान हुए नुकसान के लिए मुआवजा, क्षेत्र से अमेरिकी सैन्य बलों की वापसी और लेबनान सहित सभी मोर्चों पर शत्रुता खत्म करने की भी मांग रखी है। बयान में दावा किया गया कि अमेरिका ने इस 10-सूत्रीय योजना को बातचीत के आधार के रूप में स्वीकार कर लिया है, जिसे ईरान ने अपनी बड़ी कूटनीतिक जीत बताया है।

ईरान के शीर्ष नेतृत्व, जिसमें सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का उल्लेख किया गया, के निर्देशन में अब इन शर्तों पर अंतिम सहमति बनाने के लिए वार्ता आगे बढ़ेगी। दोनों देशों के बीच अगली बातचीत इस्लामाबाद में 10 अप्रैल से शुरू होने की बात कही गई है, जहां दो हफ्तों के भीतर समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश की जाएगी।

ईरान ने यह भी स्पष्ट किया है कि उसे अमेरिकी पक्ष पर पूर्ण भरोसा नहीं है, लेकिन इसके बावजूद वह बातचीत की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है। साथ ही उसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से एक बाध्यकारी प्रस्ताव पारित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी समझौते को अंतरराष्ट्रीय कानून का रूप दिया जा सके।

Share

Similar Posts