|

पश्चिम एशिया संकट के बीच एयर इंडिया की 32 उड़ानें, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच Air India और Air India Express ने आज इस क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 32 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करने का निर्णय लिया है। वहीं IndiGo भी अपनी चुनिंदा सेवाएं जारी रखे हुए है।

एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए यात्रा परामर्श (ट्रैवल एडवाइजरी) जारी किया है, जिसमें संशोधित समय-सारिणी और री-बुकिंग के विकल्पों की जानकारी दी गई है। क्षेत्र में जारी तनाव के कारण हवाई सेवाएं अभी भी प्रभावित हो रही हैं।

कंपनियों के अनुसार, दुबई, जेद्दा और अबू धाबी जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए उड़ानों में बदलाव किया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी बुकिंग और फ्लाइट स्टेटस की पुष्टि अवश्य कर लें।

एयर इंडिया समूह के मुताबिक, कुल 32 उड़ानों में से 16 उड़ानें संयुक्त अरब अमीरात के लिए और वहां से आने वाली विशेष (नॉन-शेड्यूल्ड) सेवाएं हैं। इन उड़ानों को भारतीय और यूएई के नियामक प्राधिकरणों से मंजूरी मिल चुकी है, हालांकि इनका संचालन स्लॉट की उपलब्धता और स्थानीय परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा हालात के चलते उड़ानों के समय और संचालन में बदलाव संभव है, इसलिए यात्रियों को नियमित अपडेट लेते रहने की सलाह दी गई है।

पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है, जिसका असर भारतीय विमानन सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है।

Share

Similar Posts