|

वाराणसी में सीएम मोहन यादव ने लिया बनारसी स्वाद का आनंद, कचौड़ी-जलेबी के हुए कायल

डॉ. मोहन यादव का वाराणसी दौरा सादगी और बनारसी रंग में रंगा नजर आया। दौरे के दूसरे और अंतिम दिन मुख्यमंत्री ने स्थानीय खान-पान का आनंद लेते हुए आम लोगों जैसा अनुभव लिया।

शनिवार सुबह मध्य प्रदेश लौटने से पहले मुख्यमंत्री ने नदेसर स्थित मिंट हाउस के पास एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान पर अचानक अपना काफिला रुकवाया। यहां उन्होंने अपने परिजनों के साथ बैठकर बनारसी व्यंजनों—कचौड़ी, जलेबी और लस्सी—का स्वाद लिया।

स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के हर क्षेत्र की अपनी अलग खान-पान संस्कृति होती है, जो उसकी पहचान है। उन्होंने इसे देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा बताया।

मुख्यमंत्री के इस सादगीपूर्ण अंदाज की खबर फैलते ही दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने उन्हें करीब से देखने और उनके साथ इस खास पल को साझा करने के लिए उत्साह दिखाया।

जलपान के बाद मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जहां से वे मध्य प्रदेश के लिए प्रस्थान कर गए।

Share

Similar Posts