मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भांडेर में किसान सम्मेलन में शामिल होंगे, 62 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे शुभारंभ

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दतिया जिले के भांडेर में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब 62 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया के अनुसार, “किसान कल्याण वर्ष” के तहत प्रदेशभर में किसान सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भांडेर स्थित मंडी प्रांगण में यह बड़ा आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण भी करेंगे। इससे किसानों और आम नागरिकों को सीधे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इन विकास कार्यों का होगा शुभारंभ

मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा, उनमें शामिल हैं—

  • पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान संकाय भवन और केंटीन निर्माण
  • माता रतनगढ़ समग्र विकास योजना के तहत यात्री निवास निर्माण
  • पुलिस लाइन में रक्षित निरीक्षक कार्यालय
  • 33/11 केवी उपकेंद्र और पावर ट्रांसफॉर्मर स्थापना
  • सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय भांडेर का निर्माण
  • ततारपुर स्टेडियम और पण्डोखर धाम के पास विश्राम गृह
  • रामगढ़ माता मंदिर क्षेत्र में विश्राम गृह निर्माण

इसके साथ ही कुछ परियोजनाओं का भूमि-पूजन भी किया जाएगा, जिनमें छात्रावास निर्माण और विद्युत उपकेंद्र स्थापना जैसे कार्य शामिल हैं।

तय कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12:25 बजे हेलीकॉप्टर से भांडेर पहुंचेंगे। किसान सम्मेलन में भाग लेने के बाद वे दोपहर 1:30 बजे वहां से रवाना होकर लगभग 2 बजे ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल पहुंचेंगे। इसके बाद वे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

यह कार्यक्रम न केवल किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इससे क्षेत्र में विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Share

Similar Posts