72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार घोषित, आर्टिकल 370 के लिए यामी को मिला पहला बेस्ट एक्ट्रेस पुरस्कार, कार्तिक आर्यन और रणदीप हुड्डा को भी मिला सम्मान
शनिवार को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का वितरण किया गया। आर्टिकल 370 को वर्ष 2024 की बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया। राजकुमार राव अभिनीत फिल्म ‘श्रीकांत’ को बेस्ट हिंदी फिल्म का पुरस्कार मिला और यामी गौतम को लीडिंग रोल में बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार दिया गया। वहीं, ‘ब्रमायुगम’ के लिए ममूटी और ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से लीडिंग रोल में बेस्ट एक्टर का पुरस्कार दिया गया।
यामी गौतम का पहला राष्ट्रीय पुरस्कार
बता दें कि यह यामी गौतम का पहला राष्ट्रीय पुरस्कार है। ‘आर्टिकल 370’ का निर्देशन आदित्य सुहास जांभले ने किया था। फिल्म में यामी गौतम ने इंटेलिजेंस अफसर की भूमिका निभाई थी। करीब 20 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 110 करोड़ रुपए का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया।
चंदू चैंपियन के लिए कार्तिक को मिला बेस्ट एक्टर का अवार्ड
बेस्ट एक्टर के लिए कार्तिक आर्यन और ममूटी को संयुक्त रूप से पुरस्कार दिया गया। यह कार्तिक का पहला नेशनल अवॉर्ड है, जबकि ममूटी का यह चौथा नेशनल अवॉर्ड है। चंदू चैंपियन में कार्तिक ने पैरा एथेलीट मुरलीकांत पेटकर की भूमिका निभाई थी। इस रोल के लिए उन्होंने कड़ी शारीरिक मेहनत की थी और अपने शानदार अभिनय से किरदार को बड़े परदे पर जीवंत कर दिया।
रणदीप हुड्डा को बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का सम्मान
बेस्ट हिंदी फिल्म का पुरस्कार जीतने वाली फिल्म ‘श्रीकांत’ का डायरेक्शन तुषार हीरानंदानी ने किया था। फिल्म में मुख्य भूमिका में राजकुमार राव नजर आए थे। फिल्म में ज्योतिका, अलाया एफ और शरद केलकर भी अहम भूमिकाओं में थे। वही फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए रणदीप हुड्डा को बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का सम्मान मिला। संजय मिश्रा को फिल्म ‘भक्षक’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला।