बेंगलुरु में 5वीं राष्ट्रीय दिव्यांग एलीट क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, देशभर की शीर्ष टीमें शामिल

कर्नाटक राज्य दिव्यांग क्रिकेट संघ के तत्वावधान में 5वीं राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांग एलीट क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर की शीर्ष टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच मिल रहा है।
उद्घाटन समारोह में PCCAI अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया, DCCI एवं PCCAI महासचिव रविकांत चौहान, पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण, कर्नाटक दिव्यांग क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हेमचंद्र और सचिव संतोष गौड़ा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर DCCI महासचिव रविकांत चौहान ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता को अधिक प्रतिस्पर्धी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से देश की शीर्ष 12 टीमों के बीच एलीट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है, जबकि शेष टीमों के लिए प्लेट ग्रुप प्रतियोगिता कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है।
रविकांत चौहान ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संगठन लगातार प्रयास कर रहा है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए “मैन ऑफ द सीरीज” पुरस्कार में कार और स्कूटर तक दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, टूर्नामेंट और अंतरराष्ट्रीय जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
वहीं PCCAI अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया ने बताया कि उनकी संस्था पिछले 15 वर्षों से दिव्यांग क्रिकेट के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक 30.36 लाख रुपये की “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को दी जा चुकी है। साथ ही अब तक 87 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि वितरित की जा चुकी है।
पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण ने कहा कि पैरालंपिक समिति और DCCI मिलकर दिव्यांग क्रिकेट को एशियन पैरा गेम्स और पैरालंपिक खेलों में शामिल कराने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में दिव्यांग क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
समारोह के दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और खेल भावना, समर्पण एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना करते हुए सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।






