35 साल की उम्र में अभिनेत्री अनन्या राज का निधन: नींद में हुई मौत; लंबे समय से शारीरिक और मानसिक बीमारी से जूझ रही थी

मुंबई। फिल्म ‘7 आवर्स टू गो’, ‘द फाइनल एग्जिट’ और ‘घोस्ट’ फेम अभिनेत्री अनन्या राज का निधन हो गया है। वह 35 साल की थीं। उनके परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए निधन की जानकारी दी।
अनन्या का 15 जुलाई की सुबह नींद में ही शांतिपूर्वक निधन हुआ। वे एक साल से ज्यादा समय से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। परिवार ने बताया कि उन्होंने इस मुश्किल दौर का मजबूती से सामना किया।
परिवार ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट शेयर कर अनन्या की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की है। साथ ही फैंस और मीडिया से इस कठिन समय में परिवार की निजता का सम्मान करने का अनुरोध किया है।
2016 में किया था बॉलीवुड डेब्यू
मुंबई में पली-बढ़ी अनन्या राज ने 2016 में फिल्म ‘7 आवर्स टू गो’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह ‘द फाइनल एग्जिट’ और विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म ‘घोस्ट’ में नजर आईं। ‘घोस्ट’ में उन्होंने सोनिया का किरदार निभाया था।
क्षेत्रीय फिल्मों में भी किया काम
अनन्या ने हिंदी फिल्मों के साथ क्षेत्रीय सिनेमा में भी काम किया। वह तेलुगु फिल्म ‘थगड़े ले’ और त्रिभाषी फिल्म ‘मद्रासी गैंग’ से भी जुड़ी थीं। फिल्मों के अलावा उन्होंने कई म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया था।
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने दी श्रद्धांजलि
अनन्या के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी अभिनेत्री को श्रद्धांजलि दी है।