इंदौर में मां की मौत पर बेटी का आरोप: पिता-ससुराल पक्ष पर जताया शक; SIT जांच की मांग

इंदौर। चिमनबाग निवासी अमिता पुरोहित की संदिग्ध मौत का मामला बढ़ता जा रहा है। मृतका की बेटी तनु पाठक ने पिता और ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों और समाज के लोगों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और SIT गठित करने की मांग की।
बेटी ने कहा- “मेरी मां की हत्या हुई है। मामले में SIT गठित कर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मेरे भाई ने फोन कर बताया था कि मम्मी को 5-6 बार उल्टी हुई है और उन्हें सुयश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने मुझे अस्पताल आने के लिए कहा। जब मैं अस्पताल पहुंची तो पापा और चाचा भी वहां थे। मैंने मम्मी के बारे में पूछा, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया। वह ICU में भर्ती थीं। मैं उनसे मिलने की कोशिश करती रही, लेकिन मुझे मिलने नहीं दिया गया। चाचा ने कहा कि सब ठीक है, चिंता मत करो और घर जाने को कहा।”
“घर आने के बाद मैंने मम्मी के कमरे में हरे रंग के पानी का ग्लास देखा। मैंने दादी से उसके बारे में पूछा तो उन्होंने वह पानी सिंक में फेंक दिया। मुझे वॉशिंग मशीन में मम्मी का नाक का कांटा भी मिला। मैंने दादी से पूछा कि क्या पापा ने मम्मी के साथ मारपीट की थी, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। मुझे आशंका है कि मेरी मां के साथ मारपीट हुई और उनकी हत्या की गई।”
“हमारे घर में कई बातों को लेकर हमेशा विवाद होते रहे हैं। मेरे पिता के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर भी रहे हैं। मुझे शक है कि इसी वजह से मेरी मां की हत्या की गई। पिताजी मेरी मां को गालियां देते थे और उन्हें डराकर रखते थे। आज मेरी मां को गुजरे एक महीना हो गया है और आज उनकी पुण्यतिथि है। इसके बावजूद अब तक मामले की ठीक से जांच नहीं हुई है। न तो सेल फोन जब्त किए गए और न ही CCTV फुटेज। मेरी मां पोस्टग्रेजुएट थीं और साइन कर सकती थीं, फिर भी उनके बयान पर अंगूठे का निशान लिया गया। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए SIT गठित की जानी चाहिए।”

मायके पक्ष को देर से सूचना
अमिता की मौत के कई घंटे बाद तक मायके पक्ष को सूचना नहीं दी गई। साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका जताई है। परिजनों ने मौत से पहले दिए बयान पर भी सवाल उठाए हैं।। उनका आरोप है कि अस्पताल में अमिता से बेटी को मिलने नहीं दिया गया। बयान दर्ज होने के दौरान आरोपी के मौजूद रहने से भी निष्पक्ष जांच पर सवाल खड़े हुए हैं।
CCTV सुरक्षित रखने की मांग
परिजनों ने 18 जुलाई के निवास, अस्पताल और जवाहर मार्ग के CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। इसके साथ ही डॉक्टरों के बयान, व्हाट्सऐप चैट, कॉल डिटेल, बैंक और UPI ट्रांजैक्शन और मोबाइल लोकेशन सुरक्षित रखने की मांग की गई है।
दुकान-मकान को लेकर दबाव बनाने के भी आरोप
परिजनों ने दुकान और मकान को लेकर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में SIT जांच की मांग रखी। मामले में मृतका की बेटी तनु पाठक और ACP तुषार सिंह के बयान लिए गए हैं।