रायपुर: आबकारी आयुक्त ने उपनिरीक्षक नियुक्ति आदेश की चयन सूची की निरस्त

छत्तीसगढ़ सरकार ने आबकारी उपनिरीक्षक पदों के लिए जारी नियुक्ति आदेश को निरस्त कर दिया है। इस संबंध में आबकारी विभाग की ओर से बुधवार देर शाम आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2024 की चयन सूची के आधार पर आबकारी उपनिरीक्षक पद हेतु जारी कार्यालयीन नियुक्ति आदेश तकनीकी कारणों से निरस्त किया जाता है।
गौरतलब है कि दिसंबर 2025 के अंत में आबकारी उपनिरीक्षक पद के लिए कुल 85 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। चयनित उम्मीदवारों को शारीरिक मापदंडों की जांच के लिए बुलाया जाना था।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2024 के माध्यम से आबकारी विभाग में इन पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित थी। नए वर्ष की शुरुआत में चयनित अभ्यर्थियों के शारीरिक मापदंड परीक्षण, प्रमाण पत्रों की जांच और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन इससे पहले ही नियुक्ति आदेश को रद्द कर दिया गया।
फिलहाल विभाग की ओर से आगे की प्रक्रिया को लेकर कोई नई समय-सीमा घोषित नहीं की गई है।





