| |

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में एनडीए को बढ़त; कई स्टार उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना तेजी से जारी है और जैसे-जैसे राउंड पूरे हो रहे हैं, कई प्रमुख सीटों से शुरुआती रुझान सामने आ रहे हैं। प्रदेश भर में आ रहे रुझानों के अनुसार एनडीए कई सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा उम्मीदवारों ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मजबूत स्थिति बना ली है। अलीनगर से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर और लौरिया से विनय बिहारी आगे चल रहे हैं। झांझरपुर में नीतिश मिश्रा और दरभंगा में भाजपा के संजय सराओगी ने भी बढ़त हासिल कर ली है। इसके विपरीत, बेतिया से भाजपा की रेणु देवी फिलहाल पीछे चल रही हैं।

स्टार उम्मीदवारों की बात करें तो मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है। महुआ सीट से आरजेडी के तेजप्रताप यादव शुरुआती रुझानों में पीछे चल रहे हैं, जबकि राघोपुर से तेजस्वी यादव ने आगे बढ़त बना ली है। लखीसराय से भाजपा के विजय कुमार सिन्हा और बांकीपुर से नीतिन नबीन लगातार आगे चल रहे हैं। वहीं दानापुर से भाजपा के रामकृपाल यादव पीछे चल रहे हैं, जिससे इस सीट पर मुकाबला कड़ा हो गया है।

इसी प्रकार रघुनाथपुर में आरजेडी उम्मीदवार ओसामा साहब शुरुआती बढ़त के बाद अब पिछड़ चुके हैं। छपरा से आरजेडी के शत्रुघ्न यादव भी पहले आगे चल रहे थे लेकिन अब पीछे हो गए हैं। सीवान में भाजपा के दिग्गज नेता मंगल पांडे लगातार पीछे चल रहे हैं, जिससे सीट पर अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिल रहा है।

भाजपा राज्य अध्यक्ष सम्राट चौधरी तारापुर से बढ़त बनाए हुए हैं। राज्य में नई राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी जनसुराज पार्टी के कई उम्मीदवार भी मुकाबले में हैं, हालांकि दीघा से जनसुराज के रितेश रंजन सिंह पीछे चल रहे हैं। प्रमुख सीटों में शामिल सासाराम से आरएलएम की उम्मीदवार स्नेहलता भी फिलहाल पीछे चल रही हैं, जिससे इस सीट पर अन्य दलों के उम्मीदवारों की उम्मीदें बढ़ी हैं।

मतगणना के हर नए राउंड के साथ स्थिति लगातार बदल रही है और कई सीटों पर बेहद कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। बिहार की राजनीतिक तस्वीर अभी बदल रही है और अंतिम परिणाम आने तक रोमांच बना रहेगा।

Share

Similar Posts