दिल्ली में देश का पहला Gen Z–थीम आधारित डाकघर शुरू, IIT दिल्ली कैम्पस में युवाओं के लिए बना नया इनोवेशन हब

नई दिल्ली।
भारतीय डाक ने देश का पहला जेन-जी (Gen Z) थीम आधारित डाकघर आईआईटी दिल्ली परिसर में शुरू किया है। छात्रों की सक्रिय भागीदारी से तैयार यह आधुनिक डाकघर युवाओं की जरूरतों और उनकी डिजिटल जीवनशैली को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है।
यह नया डाकघर वाई-फाई सक्षम ज़ोन, आईआईटी फाइन आर्ट्स सोसाइटी द्वारा तैयार ग्रैफिटी और आर्टवर्क, स्मार्ट सर्विस टचपॉइंट्स, QR-आधारित पार्सल बुकिंग, और छात्र-हितैषी स्पीड पोस्ट छूट जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है।
संचार मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि यह पहल संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की उस दूरदर्शी सोच का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर के डाकघरों को युवा-केंद्रित, आधुनिक और आकर्षक स्थानों के रूप में विकसित किया जा रहा है।
शैक्षणिक परिसरों में डाक सेवाओं का नया मॉडल
आईआईटी दिल्ली का यह आधुनिक डाकघर शैक्षणिक संस्थानों में डाक सेवाओं के लिए पूरी तरह नए मॉडल की शुरूआत करता है। यह मॉडल राष्ट्रीय स्तर पर चल रही उस योजना का भाग है, जिसके तहत 15 दिसंबर 2025 तक 46 कैंपस डाकघरों को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा।
छात्रों की अग्रणी भूमिका
भारतीय डाक इस परियोजना में छात्रों को:
- ब्रांड एम्बेसडर,
- पोस्ट ऑफिस डिजाइन के सह-निर्माता,
- और सोशल मीडिया आउटरीच पार्टनर
के रूप में शामिल कर रहा है, जिससे यह केंद्र छात्रों से जुड़ा और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप बन सके।
देश का पहला ‘स्टूडेंट फ्रैंचाइज़ मॉडल’ लॉन्च
IIT दिल्ली में पहली बार स्टूडेंट फ्रैंचाइज़ मॉडल भी शुरू किया गया है। इसके तहत छात्रों को डाक सेवाओं के संचालन का व्यावहारिक अनुभवमिलेगा और उन्हें उद्यमिता के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, छात्रों के लिए विशेष ब्रांडेड पार्सल पैकिंग सुविधाएँ भी प्रदान की गई हैं, जिससे कैम्पस से पार्सल भेजना और आसान हो जाएगा।
यह डाकघर न केवल आधुनिक सुविधाओं का केंद्र है, बल्कि युवाओं और डाक सेवाओं के बीच एक नई, इंटरैक्टिव और तकनीक-आधारित कड़ी भी स्थापित करता है।






