उधमपुर में आतंकियों से मुठभेड़, एसओजी का एक जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में कल शाम हुई मुठभेड़ में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) का एक जवान शहीद हो गया। सुरक्षा बलों को पाकिस्तान के जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े तीन आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया।
शहीद जवान की पहचान अमजद पठान के रूप में हुई। मुठभेड़ में एसओजी के दो अन्य जवान घायल हो गए। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और छिपे हुए आतंकवादियों को ढूंढने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
आईजीपी जम्मू भीम सेन तुती ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि एसओजी की छोटी टीम ने आतंकवादियों से मुकाबला किया। अंधेरे और दुर्गम इलाके के कारण जंगल की तलाशी में बाधा आ रही है। शुरुआती गोलीबारी में एक आतंकवादी के घायल होने की आशंका जताई गई। ऑपरेशन को रात में रोक दिया गया था और सुबह होते ही इसे फिर से शुरू किया गया।






