आज से शुरू होगा विकसित भारत युवा नेता संवाद–2026 का दूसरा संस्करण

विकसित भारत युवा नेता संवाद–2026 का दूसरा संस्करण आज से नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को मीडिया को संबोधित करते हुए इस चार दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम की जानकारी दी।
मंत्री मांडविया ने बताया कि इस संवाद का औपचारिक उद्घाटन समारोह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जनवरी को समापन समारोह में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में देश और विदेश से 2,500 से अधिक युवा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। यह संवाद युवाओं को नेतृत्व, नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान इसरो के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन सुभांशु शुक्ला और ग्रुप कैप्टन प्रशांत नायर युवाओं के साथ संवाद करेंगे। वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर एक विशेष फायरसाइड चैट में भाग लेंगी।
इसके अलावा इस मंच पर पुलेला गोपीचंद, लिएंडर पेस, पाल्की शर्मा, कैवल्य वोहरा, सिबाब्रत दास और आनंद कुमार जैसे प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। संवाद में पद्म पुरस्कार विजेता, युवा सांसद और विधायक भी सहभागिता करेंगे।
सरकार का मानना है कि यह आयोजन ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने में युवाओं की भूमिका को मजबूत करेगा और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा देगा।





