मध्य-पूर्व में हवाई क्षेत्र बंद, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे टीम की स्वदेश वापसी टली

 

टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद भी वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम भारत से अपने स्वदेश नहीं लौट सकीं। मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के चलते कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं और दोनों टीमों की वापसी फिलहाल टल गई है।

वेस्टइंडीज को मेजबान भारत के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद वह सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी। वहीं जिम्बाब्वे सुपर 8 चरण में अपने सभी तीन मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया। टूर्नामेंट से बाहर होने के बावजूद यात्रा बाधित होने के कारण दोनों टीमें फिलहाल भारत में ही रुकी हुई हैं।

ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख ट्रांजिट हब प्रभावित हुए हैं। हजारों उड़ानें रद्द या पुनर्निर्धारित की गई हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय यात्राएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। दुबई जैसे व्यस्त हवाई केंद्रों से होकर लौटने वाली कई टीमों और अधिकारियों की योजनाएं बदलनी पड़ी हैं।

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि टीम भारत में सुरक्षित है। टीम की वापसी दुबई के रास्ते तय थी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा स्थगित कर दी गई है।

वहीं क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बताया कि वह खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ मिलकर काम कर रहा है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों की सुरक्षा और भलाई उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share

Similar Posts