|

पश्चिम बंगाल विस चुनाव: दो चरणों में 2,400 केंद्रीय बल कंपनियों की तैनाती, आयोग की तैयारी तेज

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग (ECI) ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने राज्य में दो चरणों में होने वाले मतदान के लिए कुल 2400 केंद्रीय बल कंपनियों की तैनाती का निर्णय लिया है।

यह तैनाती केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), इंडिया रिजर्व बटालियन और अन्य राज्यों की सशस्त्र पुलिस के माध्यम से की जाएगी। चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।

चुनाव से पहले ही सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 480 कंपनियां अग्रिम तैनाती के तहत पश्चिम बंगाल पहुंच चुकी हैं। आयोग का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाना है।

अधिसूचना के अनुसार, दूसरे चरण के मतदान के बाद 200 कंपनियां ईवीएम, स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों की सुरक्षा के लिए राज्य में तैनात रहेंगी। इसके अलावा, 500 कंपनियां कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित चुनावी हिंसा को रोकने के लिए अगले आदेश तक राज्य में ही रहेंगी।

गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष 1700 कंपनियों को वापस बुला लिया जाएगा

निर्वाचन आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस के साथ मिलकर विस्तृत तैनाती योजना तैयार करे। साथ ही, बलों के लिए परिवहन, आवास, रसद और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

केंद्रीय बलों की तैनाती और समन्वय की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंपी गई है। इस दौरान सीआरपीएफ पश्चिम बंगाल सेक्टर के आईजी शलभ माथुर को राज्य बल समन्वयक नियुक्त किया गया है।

यह व्यापक सुरक्षा व्यवस्था चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और हिंसामुक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Share

Similar Posts