वृद्धाश्रम में नाबालिग ने महिलाओं को डंडे से पीटा: चुप रहने का किया इशारा, मां की मौत से डिस्टर्ब था युवक

इंदौर। महाराणा प्रताप नगर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक नाबालिग लड़का वृद्धाश्रम में रह रही बेसहारा बुजुर्ग महिलाओं के साथ डंडे से मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
विरोध करने पर किया चुप रहने का इशारा
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़का हाथ में बड़ा डंडा लेकर कमरे में आता है और पलंग पर बैठी एक बुजुर्ग महिला पर जोर से वार कर देता है। इसके बाद वह बाहर निकलते समय रास्ते में खड़ी दूसरी बुजुर्ग महिला को भी डंडे से मारता हुआ बाहर निकल जाता है। जब महिला विरोध करती है और चिल्लाती है, तो लड़का इशारे से उसे चुप रहने के लिए कहता है।
अक्सर करता है मारपीट
वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति दावा करता हुआ सुनाई देता है कि यह लड़का अक्सर वृद्धाश्रम में रह रही महिलाओं के साथ इसी तरह मारपीट करता है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
कड़ी कार्रवाई की हो रही मांग
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोग प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
संबंधित वृद्धाश्रम विभाग में पंजीकृत नहीं
प्रेमाश्रय वृद्धाश्रम का वायरल वीडियो में उक्त घटना सामने आने के बाद सामाजिक न्याय विभाग भी हरकत में आ गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह आश्रम किसी नीलम दुबे द्वारा संचालित किया जा रहा है । उक्त बच्चा वहां चौकीदार की नौकरी कर रहा है। जो कि मां की मौत के बाद से डिस्टर्ब है और बुजुर्गों पर हाथ उठाता है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी पवन चौहान ने स्पष्ट किया कि संबंधित वृद्धाश्रम विभाग में पंजीकृत नहीं है। उन्होंने बताया कि जांच कर वहां रह रहे सभी बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर शिवम वर्मा के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, वहीं शहर में कितने आश्रम संचालित हो रहे हैं, उनकी भी पुष्टि करने की बात कही है।

वृद्धाश्रम को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी
इसके बाद प्रशासन ने वृद्धाश्रम को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बुजुर्गों को किया गया शिफ्ट आश्रम में कुल 31 बुजुर्ग रह रहे थे। एसडीएम निधि वर्मा ने बताया कि सभी स्वस्थ बुजुर्गों को गांधी नगर स्थित निराश्रित आश्रम और गणेश वृद्धाश्रम में शिफ्ट किया गया है। वहीं 3 बीमार बुजुर्गों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है संचालिका पर होगी FIR बाणगंगा थाना पुलिस ने वृद्धाश्रम की संचालिका को थाने बुलाकर पूछताछ की। एसडीएम ने बताया कि संचालिका के खिलाफ FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पहले संचालिका को समझाइश देकर छोड़ा था नहीं मिलती थी सरकारी फंडिंग एसडीएम निधि वर्मा के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस वृद्धाश्रम को शासन से कोई फंडिंग प्राप्त नहीं होती थी। आश्रम का पूरा खर्च संचालिका और समिति द्वारा वहन किया जाता था। हालांकि आश्रम के बाहर कुछ जनप्रतिनिधियों के नाम के बोर्ड लगे पाए गए फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।