| |

विराटनगर में नगर निगम ने हटाया अवैध निर्माण, रहवासियों की शिकायत पर हुई कार्रवाई, बड़े वाहनों को आने-जाने में हो रही थी परेशानी

इंदौर। मूसाखेड़ी के विराटनगर में आज सुबह नगर निगम की रिमूवल गैंग कार्रवाई करने पहुंची। जोन-18 के अंतर्गत आने वाली इस कॉलोनी को नगर निगम पहले ही अवैध घोषित कर चुका है। इसके बावजूद लोग वहां अवैध निर्माण कर रहे थे। इसी अनदेखी के चलते आज यहां बड़ी कार्रवाई की गई।

रहवासियों की शिकायत के बाद की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी निवासी रचना बागवान ने अपने तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिलों पर गैलरी निर्धारित सीमा से काफी बाहर तक बना ली थी। इससे सड़क पर बड़े वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। स्थानीय रहवासियों की शिकायत के बाद नगर निगम ने मामले की जांच की और कार्रवाई का निर्णय लिया।

 

नगर निगम ने हटाया अवैध हिस्सा
सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे ने बताया कि नगर निगम को करीब एक सप्ताह पहले शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद सोमवार सुबह रिमूवल टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से निर्मित गैलरी के आगे निकले हिस्से को हटाया गया।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
कार्रवाई के बाद मलबे को भी तुरंत नगर निगम के वाहन से हटवा दिया गया, ताकि सड़क पर यातायात प्रभावित न हो और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share