|

VIP कल्चर छोड़ा मिनी बस से गांव पहुंचे SDM और डिप्टी कलेक्टर: पैदल घूमकर सुनी समस्याएं; पानी और हैंडपंप सुधार के निर्देश

झाबुआ। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत  प्रशासनिक अधिकारियों ने VIP कल्चर से अलग हटकर सादगी का संदेश दिया। SDM महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर और तहसील स्तर के अन्य अधिकारी शुक्रवार को एक साथ मिनी बस में सवार होकर पिटोल पहुंचे और विभिन्न संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।

बस स्टैंड से स्कूल तक किया निरीक्षण
SDM महेश मंडलोई और डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर के नेतृत्व में प्रशासनिक दल ने पेट्रोल पंप, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सालय, आदिवासी सेवा सहकारी संस्था की राशन दुकान, खाद वितरण केंद्र, गैस गोदाम और बस स्टैंड का निरीक्षण किया।

बस स्टैंड पर अस्थायी अतिक्रमण से यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए तहसीलदार को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं सुविधा घर का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने को भी कहा गया।

स्कूल में साइकिल वितरण में कमी मिली
पिटोल हायर सेकेंडरी स्कूल के निरीक्षण में पता चला कि 97 विद्यार्थियों के लक्ष्य के मुकाबले केवल 67 साइकिलों का वितरण हुआ है। इस पर अधिकारियों ने शेष विद्यार्थियों को जल्द साइकिलें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से सुनी समस्याएं
ग्रामीणों के आग्रह पर प्रशासनिक अमला पैदल ही पिटोल के प्रमुख मार्गों पर निकला और लोगों से सीधे संवाद किया। जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा नदी के पानी के मिश्रण से मटमैला पेयजल मिलने की शिकायत की।

स्थल निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने सुझाव दिया कि ग्राम में बने नए सार्वजनिक डगवेल को पाइप जल प्रदाय योजना से जोड़कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके लिए तकनीकी परीक्षण के बाद योजना को प्राथमिकता से लागू करने की अनुशंसा की गई।

21 सीएम हेल्पलाइन शिकायतें बंद कराई गईं
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों की लंबित शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कराया गया। अधिकारियों के अनुसार पीएचई विभाग की 7, खाद्य विभाग की 4, राजस्व विभाग की 5 और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की 5 शिकायतों सहित कुल 21 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक समाधान कर उन्हें बंद कराया गया।

कालाखूंट में जनसंवाद, हैंडपंप सुधार के निर्देश
समीपस्थ कालाखूंट पंचायत में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में एसडीएम महेश मंडलोई ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रशासन को दफ्तरों तक सीमित न रखकर गांवों तक पहुंचाना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान मौके पर हो सके।

इस दौरान खटापानी और कालाखूंट गांव के ग्रामीणों ने छह खराब हैंडपंपों की मरम्मत के लिए आवेदन दिए। अधिकारियों ने मैदानी अमले को तत्काल सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। दौरे में जिला खाद्य अधिकारी संजय पाटील, जनपद सीईओ चंद्रसिंह मंडलोई, एई पीएचई दयालु राठोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share